हांसी:– पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कांग्रेस नेता एवं हांसी से विधानसभा में प्रत्याशी रहे राहुल मक्कड़ को बुधवार को हांसी पुलिस ने गीता चौक पर उनके समर्थकों सहित डिटेन कर लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद उन्हें थाने ले जाया गया। वहीं, जानकारी के अनुसार हांसी के अन्य कांग्रेस नेताओं को भी एहतियातन उनके घरों पर नजरबंद किया गया।
बताया जा रहा है कि राहुल मक्कड़ अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। दिल्ली में कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के दिल्ली कूच की संभावना के मद्देनज़र यह कार्रवाई की गई।
डिटेन किए जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "इंकलाब जिंदाबाद" और सरकार विरोधी नारे लगाए। राहुल मक्कड़ ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे लोगों को रोकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, "हमें रोका क्यों गया? क्या हम कोई मुजरिम या दोषी हैं?" उनका आरोप था कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
राहुल मक्कड़ ने कहा कि प्रस्तावित प्रदर्शन का उद्देश्य लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना था। उनका आरोप था कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं और उनके अभिभावकों की मेहनत प्रभावित हो रही है तथा सरकार इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
उन्होंने छात्रों के राजनीतिक इस्तेमाल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक हैं और न्याय की मांग के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार की आलोचना की है।
दिल्ली कूच से पहले कांग्रेस नेता राहुल मक्कड़ हांसी में डिटेन पेपर लीक के विरोध में जंतरमंतर जाने की थी तैयारी
