रतिया, 19 अगस्त:- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए दावे-आपत्तियों तथा नोटिस चरण से संबंधित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी गंभीरता के साथ किया जाए। बीएलओ प्रत्येक नोटिस संबंधित मतदाता तक पहुंचाएं तथा 25 अगस्त तक आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना सुनिश्चित करें। पात्र नागरिकों, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, से फॉर्म-6 भरवाकर 30 अगस्त तक आवेदन करवाया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी बुधवार को रतिया एसडीएम कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में दावे-आपत्तियों एवं नोटिस चरण के कार्यों की समीक्षा के लिए ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ एवं सुपरवाइजरों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
**प्रत्येक नोटिस का हो गंभीरता से सत्यापन
डीसी ने निर्देश दिए कि बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्र में नोटिस वितरण का कार्य प्राथमिकता से पूरा करें और संबंधित मतदाताओं से निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनकी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच करें। किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो तथा अपात्र प्रविष्टि उचित सत्यापन के बिना सूची में न रहे। सभी बीएलओ अपने क्षेत्र की प्रगति का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखें।
**एईआरओ प्रतिदिन लें प्रगति रिपोर्ट
डॉ. विवेक भारती ने एईआरओ को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन बीएलओ से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें तथा आवश्यकतानुसार बैठक कर कार्य की समीक्षा करें। जिन बूथों पर कार्य की गति धीमी है, वहां तत्काल मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर वास्तविक कार्य की निगरानी की जाए। एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ एवं सुपरवाइजर नियमित फील्ड विजिट कर कार्य की समीक्षा करें।
**नए मतदाताओं के पंजीकरण पर दें विशेष ध्यान
डीसी ने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर 30 अगस्त तक आवेदन करवाएं। कॉलेजों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को भी मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना निर्वाचन तंत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
**माइक्रोमैनेजमेंट से करें बूथवार निगरानी
डॉ. विवेक भारती ने कहा कि बीएलओ एवं सुपरवाइजर बूथवार माइक्रोमैनेजमेंट के आधार पर कार्य करें। प्रत्येक बूथ पर लंबित नोटिस, प्राप्त दस्तावेज, दावे-आपत्तियां एवं नए मतदाता पंजीकरण की स्थिति स्पष्ट रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। सुपरवाइजर अपने अधीन बीएलओ के साथ नियमित बैठक कर प्रगति की समीक्षा करें और किसी भी समस्या का समय रहते समाधान करवाएं।
**30 अगस्त तक दावे-आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे नागरिक
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण की अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 है तथा ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया गया है। दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक निर्धारित है। नोटिस चरण तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, डीएमसी प्रवीण कुमार, चुनाव नायब तहसीलदार राजकुमार सहित ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
