करनाल, 12 मई- उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सरकारी भवन निर्माण कार्यों में प्रयोग की जाने वाली सामग्री के रेट निर्धारित करने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया। जिसमें जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी घरौंडा सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
उपायुक्त मंगलवार को अपने कार्यालय में संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि उक्त कमेटी सरकारी भवन निर्माणों में प्रयोग की जाने वाली सामग्री के रेट को लेकर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। यह कमेटी जिला में निर्धारित किए जाने वाले रेट को लेकर अपनी सिफारिश भेजना सुनिश्चित करेगी।
बैठक में जिला परिषद सीईओ अमित कुमार, डीडीपीओ कंचनलता, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता नारायण दत्त सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने गांव हसनपुर में बायोगैस प्लांट का ऑडिट करवाने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने दूसरी ओर बैठक में घरौंडा ब्लॉक के गांव हसनपुर में बायोगैस प्लांट के निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान इस बायोगैस प्लांट का निर्माण प्रपोजल से बाहर कार्य किए जाने का कारण पूछा और कहा कि इसके बजट का प्रबंधन कहां से किया जाएगा। उन्होंने इस परियोजना को लेकर तकनीकी और वित्तीय ऑडिट करवाने के भी निर्देश दिए।
