पंचकूला, 11 अक्टूबर:- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी के साथ अश्विन नवरात्र के पहले दिन माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की और महामाई का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में आयोजित हवन-यज्ञ में भाग लिया और आहुतियां डालीं।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री सतपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को सम्मानस्वरूप माता मनसा देवी की तस्वीर भेंट की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अश्विन नवरात्र की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पहले नवरात्र के पवित्र अवसर पर उन्हें महामाई के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने माता मनसा देवी के चरणों में प्रदेशवासियों के सुखी और मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने कामना की कि हरियाणा प्रदेश निरंतर प्रगति और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
मुख्यमंत्री ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
नवरात्र के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, पंचकूला और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं से बातचीत की और इस नेक कार्य के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी व्यक्ति द्वारा दान किए गए रक्त की एक बूंद भी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने लोगों से इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल और पंचकूला के पुलिस आयुक्त श्री पंकज नैन भी मौजूद रहे।
इस टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर 20 प्रशिक्षित जवानों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। इन जवानों को सामान्य पुलिस वर्दी से अलग विशेष टूरिस्ट पुलिस वर्दी दी गई है, ताकि श्रद्धालु उन्हें आसानी से पहचान सकें। ये जवान चौबीसों घंटे श्रद्धालुओं की सहायता और सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यहां लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी अब इसी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से की जाएगी। इसके लिए पोस्ट में ही नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की भाषा और व्यवहार को समझते हुए उन्हें बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए जवानों को विशेष व्यवहार-कौशल और संवाद संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे श्रद्धालुओं की समस्याओं का विनम्रता और सहयोग की भावना से समाधान कर सकें।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू होने से माता मनसा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद बनेगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विवेक आर्य, पुलिस उपायुक्त सुश्री अदिति सिंह, मेयर श्री श्याम लाल बंसल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष श्रीमती बंतो कटारिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अजय मित्तल, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, मीडिया संपर्क प्रमुख श्री प्रवीण अत्रे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
