होशियारपुर- नगर निगम कमिश्नर होशियारपुर डॉ. अमनदीप कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने एकता नगर स्थित गौशाला में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। इस महत्वपूर्ण कार्य में 'गोबिंद गौधाम गौ सेवा समिति' के विभिन्न प्रतिनिधियों ने पूर्ण सहयोग देकर इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
सभी ने शपथ ली कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कमिश्नर नगर निगम ने कहा कि गौशाला में पौधे लगाने से न केवल पशुओं को छाया मिलेगी, बल्कि यह हरा-भरा वातावरण बनाने में भी सहायक सिद्ध होंगे।
डॉ. अमनदीप कौर ने शहर निवासियों से पर्यावरण को स्वच्छ रखने और शहर को सुंदर बनाने के लिए 'एक व्यक्ति-एक वृक्ष' की शपथ के तहत कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में पौधे अधिक बढ़ते और फलते-फूलते हैं, इसलिए इस मौसम में अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने चाहिए, ताकि पर्यावरण को स्वच्छ रखा जा सके और शहर को प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
शहर निवासियों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए 'एक व्यक्ति-एक वृक्ष' की शपथ ली - डॉ. अमनदीप कौर
