हिसार:–पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन ने कहा कि वर्तमान समय में विदेश यात्रा की इच्छा रखने वाले लोगों के साथ फर्जी ट्रैवल एजेंटों द्वारा वीजा दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की जा रही है। यह प्रवृत्ति विशेष रूप से युवाओं को अपना शिकार बना रही है, जो विदेश जाकर पढ़ाई या नौकरी करने का सपना देखते हैं।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने कहा कि हरियाणा जैसे समृद्ध प्रदेश के नागरिकों में विदेश जाने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जिसे भांपकर अपराधी किस्म के ट्रैवल एजेंट व दलाल इंटरनेट, सोशल मीडिया और फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से लोगों को झूठे और आकर्षक वादों से बहला-फुसला रहे हैं।
*सोशल मीडिया पर नकली विज्ञापन*
ये फर्जी एजेंट फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्मों पर अत्यधिक आकर्षक ऑफर, कम खर्च में वीजा, बिना इंटरव्यू वर्क परमिट आदि के विज्ञापन डालते हैं।
पैसे लेने के बाद ये एजेंट नकली दस्तावेज़, फर्जी फ्लाइट टिकट और वीजा थमा देते हैं या लोगों को भ्रमित करते रहते हैं कि "प्रक्रिया चल रही है"*
*अवैध मार्ग से विदेश भेजना*
कई मामलों में लोगों को अमेरिका या ऑस्ट्रेलिया पहुंचाने के नाम पर पहले मैक्सिको, क्यूबा, मलेशिया जैसे देशों में ले जाया जाता है और वहां से पैदल, नाव, कंटेनर या जंगलों के रास्ते गैरकानूनी रूप से सीमा पार करवाई जाती है।
*जान का जोखिम और अमानवीय परिस्थितियां:
इस खतरनाक यात्रा के दौरान लोगों को घने जंगलों और वीरान इलाकों से गुजरना पड़ता है।जहरीले जानवरों के काटने, ठंड से अकड़ कर मरने,नाव डूबने या कंटेनर में दम घुटने जैसे हादसों का सामना करना पड़ता है।
*अपराध का शिकार बनना*
कई बार विदेश पहुंचने पर उनके पासपोर्ट छीन लिए जाते हैं और उन्हें जबरदस्ती गैरकानूनी कामों जैसे ड्रग तस्करी, नकली दस्तावेज बनवाने, वेश्यावृत्ति आदि में धकेल दिया जाता है।
*सावधानी के लिए सुझाव* केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त ट्रैवल एजेंट से संपर्क करें।, एजेंट का पंजीकरण नंबर, कार्यालय का पता, पूर्व रिकॉर्ड, और ऑनलाइन रेटिंग अवश्य जांचें। किसी भी प्रकार का अग्रिम भुगतान करने से पहले पूर्ण जानकारी लें।सोशल मीडिया या अज्ञात वेबसाइटों पर दिख रहे अत्यधिक आकर्षक ऑफरों से सावधान रहें।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने कहा कि "आपकी एक छोटी सी चूक न केवल लाखों रुपये के नुकसान का कारण बन सकती है, बल्कि आपकी और आपके परिवार की जान-माल को भी खतरे में डाल सकती है। इसलिए पूरी जानकारी लेकर, समझदारी से निर्णय लें।
