चंडीगढ़, 29 सितम्बर 2025: एनर्जी एफिशिएंसी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत ऊर्जा संरक्षण अधिनियम 2001 के तहत अधिसूचित राज्य नामित एजेंसी (एसडीए) – एनर्जी मैनेजमेंट सेल ने आज पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
यह एमओयू औपचारिक रूप से प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार भाटिया, निदेशक, पेक और श्री पवन कुमार शर्मा, हेड, एनर्जी मैनेजमेंट सेल/एसडीए, चंडीगढ़ द्वारा हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे। इनमें से प्रमुख रहे – प्रो. रिंटू खन्ना (हेड, ईईडी), प्रो. राजेश कुमार कांडा (हेड, एलुमनाई, कॉर्पोरेट एवं इंटरनेशनल रिलेशंस), प्रो. तिलक ठाकुर, डॉ. तजिंदर सिंह सग्गू और डॉ. अजय कुमार पेक की तरफ से तथा मिस शिवानी (ऊर्जा सलाहकार), सुश्री गीता (अकाउंट ऑफिसर) और श्री रमेश ठाकुर (सीनियर असिस्टेंट) (एसडीए)।
इस सहयोग के अंतर्गत एनर्जी एफिशिएंसी से जुड़े तकनीकी अध्ययन एवं रिसर्च, जागरूकता कार्यक्रम, क्षमता निर्माण की पहल और एनर्जी कंसम्पशन घटाने हेतु इनोवेटिव तकनीकों को अपनाने पर संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा। साथ ही एनर्जी एफिशिएंसी परियोजनाओं के सफल इम्प्लीमेंटेशन के लिए तकनीकी सहयोग और शैक्षणिक विशेषज्ञता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर स्वागत करते हुए प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार भाटिया, निदेशक, पेक ने कहा कि ऐसी पहलें समाज और व्यवस्था के लास्ट यूजर तक लाभ पहुँचाने तथा व्यापक हित में कार्य करने में सहायक सिद्ध होंगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह साझेदारी नॉलेज साँझा करने, शोध सहयोग और सतत ऊर्जा समाधानों के प्रैक्टिकल इम्प्लीमेंटेशन का मार्ग प्रशस्त करेगी। यह एमओयू राष्ट्रीय एनर्जी एफिशिएंसी लक्ष्यों को प्राप्त करने और विभिन्न क्षेत्रों में ऊर्जा संरक्षण की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रतिबद्धता है।
ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई), नई दिल्ली के उद्देश्यों के अनुरूप, यह सहयोग चंडीगढ़ में ऊर्जा संरक्षण योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन को सशक्त बनाएगा और सतत विकास एवं कार्बन फुटप्रिंट में कमी जैसे व्यापक लक्ष्यों में योगदान देगा।