पटियाला:- पीआरटीसी पटियाला डिपो पेंशनर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान श्री जोगिंदर सिंह प्रधान की अध्यक्षता में नवनियुक्त चेयरमैन श्री हरपाल सिंह जुनेजा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पीआरटीसी पेंशनर्स को समय पर पेंशन न मिलने की गंभीर समस्या से चेयरमैन को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए माननीय चेयरमैन श्री हरपाल सिंह जुनेजा ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द पीआरटीसी में कार्यरत कर्मचारियों की सैलरी तथा पेंशनर्स की पेंशन प्राथमिकता के आधार पर समय पर जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं और इसके सकारात्मक नतीजे कुछ समय बाद सभी के सामने आ जाएंगे।
चेयरमैन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी कर्मचारी या पेंशनर की सैलरी अथवा पेंशन में देरी होती है, तो वे सीधे उनसे आकर मिल सकते हैं और समस्या का समाधान किया जाएगा।
इस बैठक में प्रधान श्री जोगिंदर सिंह प्रधान के साथ महासचिव शिव कुमार शर्मा, सुखदेव सिंह भूपा तथा निरपाल सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत पीआरटीसी पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से चेयरमैन श्री हरपाल सिंह जुनेजा को एक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।