होशियारपुर:- लैमरिन टेक स्किल्स यूनिवर्सिटी, रैलमाजरा से जुड़े बड़े आर्थिक घोटाले के मामले में काठगढ़ पुलिस ने पूर्व चांसलर डॉ. संदीप सिंह कौड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यूनिवर्सिटी के मालिक एवं प्रमोटर निर्मल सिंह रियात की शिकायत के आधार पर FIR नंबर 0076 दर्ज की गई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एस.एस.पी. शहीद भगत सिंह नगर के निर्देशों और लीगल ओपिनियन के बाद की गई।
शिकायत के अनुसार डॉ. संदीप सिंह कौड़ा पर यूनिवर्सिटी फंडों के दुरुपयोग और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि 13.46 करोड़ रुपये की पेपरवर्किंग और 36 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी की गई। इसके अलावा NSDC से आए 5 करोड़ रुपये में से 1.10 करोड़ रुपये यूनिवर्सिटी के ICICI बैंक खाते से निजी HDFC बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि यूनिवर्सिटी से लगती 51 एकड़ 19 मरले जमीन की खरीद में धोखाधड़ी की गई तथा यूनिवर्सिटी एक्ट का उल्लंघन करते हुए अपनी पत्नी परविंदर कौर को वाइस चांसलर नियुक्त किया गया।
मामले की जांच ए.एस.आई. संदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा दस्तावेजी सबूतों की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के दौरान अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
इस मामले के सामने आने के बाद शिक्षा क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है तथा यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों और स्टाफ में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।