मुंबई, 16 जून- एशियाई बाजारों में तेजी के कारण दो दिनों की तेज गिरावट के बाद आज शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल दर्ज किया गया। शुरुआती कारोबार के दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 288.79 अंक बढ़कर 81,407.39 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 98.9 अंक बढ़कर 24,817.50 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टूब्रो, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस सबसे ज्यादा लाभ में रहीं। टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक नुकसान में रहे। इस बीच, शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे गिरकर 86.22 पर आ गया।