करनाल, 2 जुलाई: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार जिला में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा, वहीं इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के खिलाफ आरपी एक्ट 1950 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने सभी ईआरओ और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि किसी भी बीएलओ को अतिरिक्त मैनपावर व अन्य सुविधा की आवश्यकता है, वह तुरंत प्रभाव से उन्हें उपलब्ध करवाएं। वहीं बीएलओ को भी निर्देश दिए कि एसआईआर के कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई आने पर अपने सुपरवाइजरों के माध्यम से ईआरओ को अवगत करवाएं ताकि कठिनाइयों को दूर कर एसआईआर कार्य को पारदर्शी व सुगमता से करवाया जा सके।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा वीरवार को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सभागार में जिला में एसआईआर के डिजिटाइजेशन कार्य में निम्न प्रदर्शन वाले 293 बीएलओ की बैठक में निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी इसमें कोताही बरतता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में उपायुक्त ने एसडीएम को निर्देश दिए कि यदि इस कार्य को समय पर पूरा करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की आवश्यकता है, तो उसे तुरंत नियुक्त किया जाए ताकि डिजिटाइजेशन की यह प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से पूरी हो सके। बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, एसडीएम इंद्री रमन गुप्ता, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार सहित सभी बीएलओ व सुपरवाइजर मौजूद रहे।
एसआईआर में अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ को किया जाएगा सम्मानित लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई डॉ आनंद कुमार शर्मा
