संतोषगढ़/ऊना, 24 जनवरी (नवीन महे):- नगर परिषद संतोषगढ़ में शुक्रबार को भारी बारिश के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। नगर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार से स्थायी पटवारी, स्थायी कार्यकारी अधिकारी (ईओ) और स्थायी प्रिंसिपल की तुरंत नियुक्ति की मांग की प्रदर्शन के दौरान संतोखगढ़ वार्ड 01 के पार्षद संदीप पहेश व भाजपा शहरी इकाई के अध्यक्ष राजेश प्रभाकर ने कहा कि वर्षों से इन महत्वपूर्ण पदों पर स्थायी नियुक्तियां न होने के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 
राजस्व से जुड़े कार्यों में देरी, नगर पंचायत के विकास कार्यों में रुकावट और विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है भाजपा नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र इन पदों पर स्थायी नियुक्तियां नहीं कीं तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि अगली कड़ी में पटवार घर को ताला लगाकर उसकी चाबियाँ जिलाधीश को सौंप दी जाएंगी।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। भारी बारिश में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि लोग अब अपने अधिकारों के लिए जागरूक हो चुके हैं।प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई गई। भाजपा ने दो टूक कहा कि जब तक संतोखगढ़ को उसके अधिकार नहीं मिल जाते, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
 नगर परिषद की अध्यक्ष निर्मला देवी, उपाध्यक्ष रजनीश चब्बा, पार्षद संतोख सिंह, किरण देवी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रवेश शर्मा, भाजपा शहरी इकाई महामंत्री बलराम चब्बा, महेश चब्बा, देवीलाल पूर्व पार्षद लक्ष्मण सैनी जी, दीपक वासुदेव, भाजपा जिला किसान मोर्चा महामंत्री इकबाल सिंह, वीरेंद्र प्रभाकर,  विक्रम चब्बा, पवन शर्मा, मूलराज, नानक चंद, राजेंद्र सिंह, सुखदेव, संजीव वर्मा, सुरेश, नरेश, सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।