करनाल, 4 नवंबर: भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा, करनाल द्वारा गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में (मंगलवार) को गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल, करनाल में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम से हुआ तथा अध्यक्षता श्री अनिल मदान जी ने की।
प्रतियोगिता में स्कूल के 15 विद्यार्थियों ने भाग लिया और गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, त्याग, शौर्य एवं आदर्शों पर अपने प्रभावी विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में श्रीमती सविता शर्मा (सरकारी विद्यालय पंजाबी अध्यापिका) एवं श्री देवेंद्र मोहन सिंह (सेवानिवृत्त अध्यापक) शामिल रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान – हर्षिया (कक्षा आठवीं)
द्वितीय स्थान – हर्षप्रीत (कक्षा 9वीं)
तृतीय स्थान – गुरनूर (कक्षा 9वीं)
विजेताओं को स्मृति चिन्ह, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागी विद्यार्थियों को भी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम की प्रकल्प प्रमुख श्रीमती सोनिया हंस एवं श्रीमती उर्मिल चावला रहीं। कार्यक्रम में प्रोफेसर जोगिंदर मदान जी ने गुरु तेग बहादुर जी की महान शिक्षाओं पर प्रेरणादायी संबोधन दिया, जिससे वातावरण अध्यात्म एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन शाखा सचिव श्रीमती सोनिया मेहता द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। इस अवसर पर शाखा के वरिष्ठ सदस्य श्री राकेश हंस, पूर्व अध्यक्ष मीनू चावला, बलबीर चावला, संदीप मल्होत्रा, रजनी पुरी, रजनी गुप्ता, साक्षी सलूजा, सुमन तरीका, अजीत तरीका, हर्षिता सुखीजा एवं सुमन अरोड़ा सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों हेतु जलपान की व्यवस्था की गई। भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा द्वारा यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के अमर बलिदान एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
