हांसी:- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने आमजन को बिजली बिल के नाम पर हो रही साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को फर्जी मैसेज भेजकर यह दावा करते हैं कि उनका बिजली बिल बकाया है और यदि तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। ऐसे मैसेज के साथ एक लिंक भी भेजा जाता है, जिस पर क्लिक कर भुगतान करने के लिए कहा जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे संदेशों पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है। कई बार लिंक पर क्लिक करते ही साइबर अपराधी लोगों की बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनके खातों से पैसे निकाल लेते हैं। इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या मोबाइल पर भेजे गए नंबर पर संपर्क करने से पहले संबंधित बिजली विभाग से अवश्य पुष्टि करें।
उन्होंने कहा कि यदि बिजली बिल से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है तो केवल बिजली विभाग की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत कार्यालय के माध्यम से ही बिल की जानकारी लें और भुगतान करें। किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाता, एटीएम या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने नागरिकों से अपील की कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को बचाने या वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या कॉल के झांसे में न आएं। थोड़ी सी सावधानी आपको आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।
बिजली बिल के नाम पर आने वाले फर्जी मैसेज से रहें सावधान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार
