हरोली/ऊना, 17 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- फायर सप्ताह के उपलक्ष्य में शुक्रवार को फायर पोस्ट टाहलीवाल की टीम द्वारा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान बायो ग्रेसिया और मोहित प्लास्टिक के कर्मचारियों को आग से बचाव और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग की टीम ने कर्मचारियों को आग लगने के प्रमुख कारणों, प्राथमिक बचाव के तरीकों तथा अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग के बारे में जागरूक किया। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर सूझबूझ से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर फायर पोस्ट टाहलीवाल के कर्मचारी रविंद्र सिंह, दर्शन कुमार, अमन राणा और यशवीर उपस्थित रहे। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करें और हमेशा सतर्क रहें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
