करनाल, 15 जुलाई:- करनाल में एक स्कूली छात्रा के कथित अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है, जब छात्रा अपने घर से स्कूल जा रही थी। स्कूल घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर है और वारदात भी स्कूल के पास ही हुई।
परिजनों के अनुसार छात्रा की मां उसे स्कूल छोड़ने निकली थी, लेकिन बच्ची पानी की बोतल घर पर भूल गई। वह बोतल लेने वापस लौटी और फिर मां उसे गली के मोड़ तक छोड़कर लौट आई। इसके बाद छात्रा अकेले स्कूल की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि युवक ने छात्रा के मुंह पर रूमाल रखकर उसे बेहोश करने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां से एक बाइक सवार गुजर गया। किसी के आने से घबराकर आरोपी छात्रा को छोड़ मौके से फरार हो गया। छात्रा किसी तरह खुद को संभालते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक छात्रा के पीछे-पीछे जाता और बार-बार उसकी ओर मुड़कर देखता दिखाई दे रहा है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत सौंप दी।
परिवार का कहना है कि स्कूल के पास दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
