एस.ए.एस. नगर, 27 मई, 2025: मोहाली विधायक श्री कुलवंत सिंह के निर्देशानुसार, डेरा बस्सी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव व शहरी क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने का अभियान पूरे जोश के साथ चल रहा है तथा विभिन्न गांवों में नशा मुक्ति यात्रा के दौरान लोगों का भारी जमावड़ा हो रहा है। इसी कड़ी के तहत वार अगेंस्ट ड्रग्स डिफेंस कमेटियों की बैठकें गांव मौजपुर, लांडरां व न्यू लांडरां, कैलो, चप्परचिरी खुर्द व चप्परचिरी कलां में आयोजित की गई तथा लोगों को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि कोई भी नागरिक प्रदेश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेकर उस संकल्प को पूरा करने में कोई कसर न छोड़े। प्रत्येक गांव में ग्रामीण रक्षा समितियां कार्य कर रही हैं तथा आशा है कि ये रक्षा समितियां अपनी जिम्मेदारी को पूरी लगन व ईमानदारी से निभाते हुए नशा तस्करों के कारोबार को पूरी तरह से बंद करने में अपना योगदान देंगी। 
उन्होंने कहा कि जागरूकता बैठकों में आने वाले लोगों का भी यह कर्तव्य बनता है कि वे यहां से प्राप्त संदेशों को अपने परिवारजनों, मित्रों, पड़ोसियों व अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ निरंतर साझा करें, क्योंकि जनांदोलन बनाकर ही ऐसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है। यह अभियान निश्चित रूप से नशे को जड़ से समाप्त करेगा। 
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने गांवों व शहरी वार्डों में प्रत्येक नागरिक तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए नशा उन्मूलन अभियान शुरू किया है, ताकि लोगों से सीधा फीडबैक लेकर नशे की सप्लाई लाइन को तोड़ा जा सके तथा नशे के दलदल में फंसे लोगों को मुफ्त व उचित उपचार मुहैया करवाया जा सके। 
इस मौके पर एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर, तहसीलदार मोहाली रोबिनजीत कौर, डीएसपी हरसिमरन सिंह बल, गुरप्रीत सिंह कुर्रा हल्का कोऑर्डिनेटर, सरपंच जसप्रीत सिंह लांडरां, सरपंच गांव मौजपुर संदीप कौर, धर्मप्रीत सिंह पंच, गुरजीत सिंह पंच, जसवीर कौर पंच, ब्लॉक अध्यक्ष अवतार सिंह मौली, रक्षा समितियों के सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे।