हरोली/ऊना, 13 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- संत ढागू वाले राजकीय गुज्जर कॉलेज बीटन में शैक्षणिक सत्र 2025–26 का वार्षिक प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन समारोह 16 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शिरकत करेंगे।
कॉलेज प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान वर्ष भर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सुमीक्षा गुप्ता ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक होगी और इससे छात्रों में नई ऊर्जा का संचार होगा।
कॉलेज के प्रिंसिपल, स्टाफ, पीटीए, सीएससीए तथा छात्र-छात्राओं ने सभी गणमान्य व्यक्तियों और अभिभावकों से कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।