देहलां/ऊना, 21 दिसम्बर:- विगत दिवस किला आनंदगढ़ श्री आनंदपुर साहिब में महापुरुष संत बाबा सतनाम सिंह जी के आशीर्वाद से तथा संत बाबा सेवा सिंह जी एजुकेशनल सोसाइटी के निदेशक सरदार सुच्चा सिंह सिद्धू की अगुवाई में संत बाबा सेवा सिंह खालसा मॉडल हाई स्कूल देहलां द्वारा वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह के मुख्य अतिथि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर साहिब की आंतरिक कमेटी के सदस्य डॉ. दिलजीत सिंह भिंडर थे। समारोह की प्रधानगी संत बाबा सतनाम सिंह जी, संत बाबा जीत सिंह जी, निदेशक सुच्चा सिंह सिद्धू तथा कामरेड तरसेम सिंह भलडी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सतनाम वाहेगुरु के जाप एवं शब्द गायन के साथ हुआ। स्कूल के प्रधानाचार्य विजय कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। निदेशक सुच्चा सिंह सिद्धू ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के समारोहों का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने के अवसर प्रदान करना है।
मुख्य अतिथि डॉ. दिलजीत सिंह भिंडर ने स्कूल की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। संत बाबा सतनाम सिंह जी ने बच्चों को अपने आशीर्वाद से निहाल किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा “बापू दा खुड्डा”, “लोको इह ना कहर गुज़ारो”, नशों पर आधारित नाटक, “मेरे पापा”, “आर नानक पार नानक”, गतका एवं भांगड़ा सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान संत बाबा सतनाम सिंह जी ने स्कूल के लिए नई बस, संत बाबा जीत सिंह जी ने एक लाख रुपये एवं लंगर, तथा डॉ. दिलजीत सिंह भिंडर ने ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा की।
अंत में प्रधानाचार्य विजय कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित।
