संतोषगढ़/ऊना, 31 मई (राजवीर चोपड़ा):- श्री श्याम मित्र मंडल ऊना के तत्वावधान में आयोजित पंचम श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव में विश्वप्रसिद्ध भजन गायिका अंजलि द्विवेदी ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुति से हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शनिवार रात्रि संतोषगढ़ स्थित इंदर पैलेस में आयोजित विशाल श्री खाटू श्याम एवं सालासर बालाजी संकीर्तन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के बरेली से पहुंचीं प्रसिद्ध भजन गायिका अंजलि द्विवेदी ने "राम सिया राम", "ये खाटू वाले का दरबार है", "तेरे दर पे आने को जी चाहता है", "भक्तों के घर सांवरे आते-जाते रहा करो", "दिल चोरी साड्डा हो गया खाटू के मंदिर में", "जो हार के दर पे आता, मेरा श्याम उसे गले लगाता" तथा "बाबा मेरा काम करोगे, क्या लोगे बाबा" जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उनके भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संतोषगढ़-ऊना के नमिश बस्सी ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद उन्होंने "मेरी बात बन रही है", "तेरी बात करते-करते", "सरकार तेरी सरकारी में", "करते हो तुम कन्हैया" और "श्याम धणी का जयकारा" सहित अनेक भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। श्याम प्रेमियों ने पूरे उत्साह के साथ भजन संध्या का आनंद लिया और भक्तिमय माहौल में डूबे रहे।
महोत्सव के दौरान सोने-चांदी से सुसज्जित मेहंदीपुर बालाजी, सालासर बालाजी और श्री खाटू श्याम जी के दिव्य स्वरूप एवं भव्य दरबार श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बने रहे। संपूर्ण परिसर "श्याममय" वातावरण में रंगा नजर आया और श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बनाए रखा।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को छप्पन भोग प्रसाद वितरित किया गया। श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, सेवादारों एवं दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री श्याम मित्र मंडल के पदाधिकारी मुकेश बस्सी, अंकुश बस्सी, हितेश बस्सी, अंकुश वशिष्ठ, परीक्षित चब्बा, प्रदीप कौशल, अजय जगोता, सुमित चावला, राकेश सोनी, नरेंद्र सिंह, मोहिंद्र पाल, संजीव कुमार संजू, दलजीत सिंह मान, पुष्पराज कौशल, नंदन महाजन, वंश चीटू, नंदन चीटू, चेतन चब्बा, सन्नी मेहन, डॉ. डेविड, गोविंद वशिष्ठ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
