हरोली/ऊना, 9 मार्च (राजवीर चोपड़ा): संत डांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में महिला सशक्तिकरण, समानता और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय बीटन की प्राचार्या डॉ. सुमिक्षा गुप्ता रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में समाज में महिलाओं की बदलती भूमिका, उनके अधिकारों तथा शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा शिक्षा और परिश्रम के माध्यम से उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. उमा रानी ने भी विद्यार्थियों को महिलाओं के अधिकारों, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा हिमानी ने एक मधुर एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा बी.एससी. द्वितीय वर्ष की छात्रा वंशिका ने महिला सशक्तिकरण विषय पर प्रभावशाली भाषण दिया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज में महिलाओं की उपलब्धियों तथा उनके सामने आने वाली चुनौतियों का उल्लेख करते हुए महिलाओं के सम्मान और समानता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
प्रथम स्थान: दीक्षा देवी (बी.एससी. तृतीय वर्ष)
द्वितीय स्थान: सुखजीत (बी.ए. प्रथम वर्ष)
तृतीय स्थान: ममता देवी (बी.एससी. तृतीय वर्ष)
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ऋचा शर्मा ने बहुत ही प्रभावी और सुचारु ढंग से किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ाते हुए वक्ताओं और प्रतिभागियों का परिचय कराया तथा कार्यक्रम को रोचक बनाए रखा। इस अवसर पर महाविद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
