अंबाला, 11 अक्तूबर (आर. सिंह):- अंबाला की “खोज हुनर दी” सोलो डांस प्रतियोगिता “स्टेज से स्टारडम तक” के लिए आज अंबाला क्लब में ऑडिशन आयोजित किए गए। 50 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 18 अक्तूबर को होने वाले सेमीफाइनल के लिए 28 प्रतिभाशाली प्रतियोगियों का चयन किया गया। निर्णायक मंडल में अरविंद सूरी, अनिल महंत बिट्टू और अमनप्रीत कौर शामिल थे।

कला और संस्कृति को समर्पित कलाकारों के पीएमजी समूह तथा हरियाणा कलाकार फोरम द्वारा अंबाला क्लब के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। नेक्सजेन जनरल फाइनेंशियल सर्विसेज के एमडी और प्रसिद्ध कवि सुरजीत बुधिराजा इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। सुरजीत बुधिराजा के पहुंचने पर परविंदर गुप्ता ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रतियोगिता के समन्वयक और थिएटर कलाकार जसदीप बेदी ने कहा कि इस प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें मंच से स्टारडम तक पहुंचाना है। इस सोलो डांस प्रतियोगिता का सेमीफाइनल 18 अक्तूबर को और ग्रैंड फिनाले 25 अक्तूबर को इसी अंबाला क्लब में होगा। आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजसेवी संजय सेठी, राकेश मक्कड़, उमा शंकर, गगनजोत सिंह बेदी और प्रिया सिंह मुल्तानी ने विशेष भूमिका निभाई। प्रतिभागियों के साथ-साथ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उनके माता-पिता और शिक्षक भी मौजूद थे।