हरोली/ऊना, 2 जून (राजवीर चोपड़ा):- प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री (पी.एस.ए.) राजकीय महाविद्यालय, हरोली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 13 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण फॉर्म जमा करवाने की अंतिम तिथि भी 13 जून निर्धारित की गई है। वहीं बी.सी.ए. एवं बी.बी.ए. पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण प्रपत्र 23 जून 2026 तक जमा करवाए जा सकेंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां छात्र-छात्राएं प्रवेश संबंधी सभी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा पंजीकरण फॉर्म भी हासिल कर सकते हैं। विद्यार्थी निर्धारित प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित महाविद्यालय के कार्य दिवसों एवं कार्यालय समय के दौरान जमा करवा सकते हैं।
महाविद्यालय में बी.ए., बी.कॉम., बी.एससी., बी.सी.ए. तथा बी.बी.ए. पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जा रहा है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर प्रथम मेरिट सूची 20 जून 2026 को महाविद्यालय के सूचना पट्ट एवं अन्य आधिकारिक माध्यमों पर प्रदर्शित की जाएगी।
प्रथम मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 21 से 23 जून 2026 तक निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करवाना अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि में शुल्क जमा न करवाने पर संबंधित अभ्यर्थी का प्रवेश दावा स्वतः निरस्त माना जा सकता है।
डॉ. राजेंद्र कुमार ने आगे बताया कि बी.सी.ए., बी.बी.ए. एवं पी.जी.डी.सी.ए. पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 24 जून 2026 को महाविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। इसी दिन रिक्त सीटों की जानकारी भी सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि इच्छुक अभ्यर्थी आगामी प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकें।
इसके अतिरिक्त नवप्रवेशित प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) सत्र का आयोजन भी किया जाएगा। इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम संरचना, उपलब्ध सुविधाओं, छात्र कल्याण योजनाओं तथा सह-पाठ्यक्रमिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें महाविद्यालय के अनुशासित, सकारात्मक एवं शिक्षण-अनुकूल वातावरण से भी अवगत कराया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि से पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा प्रवेश संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए महाविद्यालय के सूचना पट्ट एवं आधिकारिक माध्यमों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने का आग्रह किया है।