हरोली/ऊना, 1 जून (राजवीर चोपड़ा):- संत ढांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो गई है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमिक्षा गुप्ता ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी 1 जून से 19 जून तक महाविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रवेश फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 12 से 19 जून तक स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए प्री-एडमिशन काउंसलिंग के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के दौरान विद्यार्थियों को विषय चयन एवं शैक्षणिक विकल्पों संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्राचार्या ने बताया कि बी.ए., बी.एससी. तथा बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर के साथ-साथ द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को 13 जून से अपने प्रवेश फॉर्म की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित समितियों के पास जमा करवानी होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रथम सेमेस्टर की पहली मेरिट सूची 20 जून को शाम 5 बजे जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 21 से 23 जून तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा। आवश्यकता पड़ने पर दूसरी मेरिट सूची 24 जून को दोपहर 3 बजे महाविद्यालय के सूचना पट्ट एवं वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। दूसरी सूची में चयनित विद्यार्थियों को 25 से 27 जून तक फीस जमा करवानी होगी।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि 28 जून से प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विशेष ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद नियमित कक्षाएं आरंभ हो जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थी 1 से 19 जून तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं फीस जमा कर रोल-ऑन आधार पर प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। प्राचार्या ने सभी विद्यार्थियों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
संत ढांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में प्रवेश प्रक्रिया शुरू 19 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन
