20 फरवरी होशियारपुर- नगर निगम आयुक्त डॉ. अमनदीप कौर ने बताया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत यह देखा गया है कि शहर के अधिकांश क्षेत्रों में कई खाली प्लॉट होते हैं, जिनमें आसपास के लोगों द्वारा या अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कचरा फेंक दिया जाता है या देखा जाता है कि कभी-कभी इन प्लॉटों में लंबे समय तक पानी जमा रहता है। 
इस संबंध में क्षेत्रवासियों द्वारा नगर निगम में रोजाना शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं और इन क्षेत्रों में जानलेवा बीमारियां फैलने का खतरा हमेशा बना रहता है, जिससे शहर की छवि खराब होती है और सफाई के काम में भी व्यवधान उत्पन्न होता है। 
इसलिए सख्त कदम उठाते हुए शहर के सभी खाली प्लाटों के मालिकों को निर्देश जारी किए जाते हैं कि वे 7 दिन के अंदर-अंदर अपने खाली प्लाटों की या तो सीमा बना लें या फिर इन प्लाटों की फेंसिंग करवा लें, ताकि कोई भी व्यक्ति इन प्लाटों में कूड़ा-कचरा न फेंके। 
उन्होंने कहा कि 7 दिन के बाद अगर नगर निगम की टीम को चेकिंग के दौरान कोई भी खुला प्लाट दिखाई देता है तो टीम मौके पर ही कार्रवाई करेगी और प्लाट के मालिक से सफाई का बनता शुल्क वसूला जाएगा तथा उस पर लगने वाले जुर्माने की राशि प्रॉपर्टी टैक्स में जमा करवाई जाएगी। 
इसके अलावा प्लाट के लिए जारी की जाने वाली एनओसी भी रोक दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी शहर निवासियों से अपने शहर होशियारपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना भरपूर योगदान देने को कहा।