करनाल,  03 जुलाई:- जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध हथियार रखने एवं हथियारों के बल पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-1 स्टाफ करनाल की टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .315 बोर बरामद की गई है।
सीआईए-1 स्टाफ प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुख्य सिपाही अमित कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लालपुर टी-प्वाइंट, मेरठ रोड, करनाल से आरोपी आशीष पुत्र सुधीर कुमार, निवासी गांव नन्हेड़ा, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को काबू किया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .315 बोर बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी अवैध हथियार रखने की गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत थाना मधुबन, करनाल में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
जिला पुलिस करनाल द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध हथियार रखने, बेचने अथवा इनके माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।