रतिया, 5 अक्टूबर- शहीद दविन्द्र सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय रतिया की छात्राओं ने सशक्तिकरण एवं उद्यमिता कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया|
  चौधरी मनीराम गोदारा राजकीय महिला महाविद्यालय, भोड़िया खेड़ा में जिला युवा महोत्सव 2025 का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 
महाविद्यालय की छात्राओं ने पेटिंग, कविता, कहानी लेखन और भाषण प्रतियोगिता में  सराहनीय प्रदर्शन करते हुए भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्रा एकता रानी बीए अंतिम वर्ष ने उत्कृष्ट वक्तत्व कला का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकता रानी ने अपने सशक्त विचारों, प्रभावशाली अभिव्यक्ति एवं विषय की गहन समझ से निर्णायकों एवं दर्शकों को प्रभावित किया।
महाविद्यालय  प्राचार्य  परमजीत संधा ने छात्रा को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का विकास करती हैं।
सांस्कृतिक प्रभारी प्रो. रीतु ने छात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसने अपने आत्मविश्वास, स्पष्ट अभिव्यक्ति और उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल से महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एकता जैसी प्रतिभाशाली छात्राएँ महाविद्यालय की सच्ची पहचान हैं और भविष्य में और भी ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगी।
महाविद्यालय जन सम्पर्क अधिकारी एंव सांस्कृतिक विभाग सह संयोजक प्रो सुरेन्द्र शर्मा ने भी छात्रा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि न केवल महाविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। महाविद्यालय परिवार ने छात्रा की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।