रतिया, 21 फरवरी:- फतेहाबाद पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि जिले में नशे का अवैध कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* के नेतृत्व में चल रहे विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत डॉग स्क्वायड (रेम्बो स्वायन स्क्वाड), विशेष टीम एवं रतिया शहर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पीरूवाली बस्ती में छापेमारी कर अवैध नशीली गोलियां बरामद की गईं।
योजनाबद्ध सर्च अभियान के दौरान टीम ने विक्रम कुमार के घर पर दबिश दी। डॉग स्क्वायड की सूंघने की विशेष क्षमता और टीम की पेशेवर कार्यशैली के चलते घर के अंदर छुपाकर रखे गए “सिग्नेचर” ब्रांड की नशीली गोलियों के 4 डिब्बे बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में गोलियां अवैध रूप से रखी जाना पाया गया, जिसके आधार पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
*अपराधियों को सीधी चेतावनी*
फतेहाबाद पुलिस ने दो टूक संदेश दिया है कि नशा तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे कोई भी हो, कहीं भी छुपा हो—पुलिस की पैनी नजर और डॉग स्क्वायड की सटीक कार्यशैली से बच पाना असंभव है। जिले में “जीरो टॉलरेंस” नीति पूरी सख्ती से लागू है।
*डॉग स्क्वायड की प्रभावी कार्यशैली*
रेम्बो स्वायन स्क्वाड की सतर्कता, प्रशिक्षित सूंघ क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया और सघन तलाशी की तकनीक इस कार्रवाई की सफलता का मुख्य आधार रही। आधुनिक प्रशिक्षण और टीमवर्क के दम पर स्क्वायड लगातार नशा तस्करों की कमर तोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने पुनः दोहराया कि नशे के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
फतेहाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशा तस्करी संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत साझा करें। आपकी गोपनीय सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
