हिसार : आज के दौर में बदलती तकनीक को साझा करने एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान के लिए गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में एक सप्ताह की कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन हिसार के हारट्रोन एडवांस स्किल सेंटर, कंप्यूटर विज्ञान विभाग तथा राजकीय महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से परिचय करवाते हुए पाइथन प्रोग्रामिंग एवं कैनवा के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला के उदघाटन अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में सुशील कुमार बिश्नोई उपस्थित रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य विवेक कुमार सैनी ने की। प्राचार्य विवेक कुमार सैनी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों के ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने में अत्यंत सहायक होती हैं।
मुख्यातिथि सुशील कुमार बिश्नोई ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहने तथा समाज में एक जिम्मेदार और अच्छे नागरिक बनने की प्रेरणा भी दी।
इस अवसर पर कार्यशाला के इंचार्ज सतीश वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए, वहीं हारट्रोन एडवांस स्किल सेंटर के निदेशक भारत भूषण ने कार्यशाला के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। कार्यशाला में विद्यार्थियों को पाइथन प्रोग्रामिंग एवं कैनवा को समझने व सीखने का अवसर मिलेगा। इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में नए आत्मविश्वास का भी संचार होगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रवीण बिश्नोई ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उपप्राचार्य राजेंद्र सेवदा, श्वेता, रजनी, सत्येंद्र, कुलविंदर सिंह, राजपाल, गोविल जिंदल, अंजू तथा सोनू सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मुकेश कुमार ने किया।
विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान करने के लिए एक सप्ताह की कार्यशाला शुरू
