करनाल, 29 नवंबर: करनाल में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को सेक्टर-8 की मार्केट में स्थित ‘द अमेरिकन स्पा सेंटर’ पर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। लंबे समय से संदिग्ध तरीके से चल रहे इस स्पा सेंटर में पुलिस को लड़के और लड़कियां आपत्तिजनक हालत में मिले, साथ ही आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 4 लड़कियां, 2 लड़के को हिरासत में ले लिया है।
 प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर की आड़ में यहां काफी समय से अवैध गतिविधियाँ चलाई जा रही थीं। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस ने गुप्त रूप से इसकी निगरानी की और फिर टीम बनाकर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी करनाल के कई इलाकों में ऐसे स्पा सेंटर पकड़े जा चुके हैं, जहां इसी तरह की गतिविधियाँ चल रही थीं। 
शहर में साफ-सुथरा माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस आने वाले दिनों में अन्य सेक्टरों में स्थित स्पा सेंटरों की भी जांच करेगी और संदिग्ध पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई करेगी। सेक्टर-8 की व्यस्त मार्केट, जहां कई दुकानें और शोरूम मौजूद हैं, वहां इस तरह का धंधा चलना लोगों के लिए चिंता का विषय था। पुलिस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई है और उम्मीद की है कि ऐसे सेंटरों पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।