ऊना, 9 मार्च (राजवीर चोपड़ा): स्कूल खुलने के पहले ही दिन एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रैंसरी क्षेत्र में माउंट कार्मल स्कूल की बस की चपेट में आने से दो मासूम छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों छात्राएं सगी बहनें बताई जा रही हैं और माउंट कार्मल स्कूल में एलकेजी और यूकेजी कक्षा में पढ़ती हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह स्कूल जाने के दौरान दोनों बच्चियां अपने ही स्कूल की बस की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने एक बच्ची की हालत नाजुक देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जबकि दूसरी बच्ची का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अभिभावकों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन में भी चिंता का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सख्त करने की मांग की है।