होशियारपुर- सरकारी स्कूल शिक्षा की रोशनी फैलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं और यही कारण है कि स्कूलों में नामांकन बढ़ रहा है। यह बात समाज सेवी एवं व्यवसायी परमजीत सिंह सचदेवा ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अत्तोवाल में स्कूली विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। वहीं इस मौके पर स्कूल के 6वीं से 12वीं कक्षा तक के 25 विद्यार्थियों को जगजीत सिंह सचदेवा मेमोरियल स्कॉलरशिप अभियान के तहत स्कॉलरशिप राशि वितरित की गई।
 इन छात्रों को 46 हजार 500 रुपये की छात्रवृत्ति दी गई और इन छात्रों को मेडल भी दिए गए। गौरतलब है कि परमजीत सिंह सचदेवा लंबे समय से अपने पिता की याद में हर साल विभिन्न सरकारी स्कूलों के छात्रों को छात्रवृत्ति राशि वितरित करते रहे हैं ताकि प्रतिभाशाली छात्र शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परमजीत सचदेवा ने कहा कि शिक्षा की रोशनी से आप अपने जीवन में ऊंचाइयों को छू सकते हैं।
 उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं के कदम चूमती है जिनके पास शिक्षा होती है। परमजीत सचदेवा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में की गई मेहनत का फल जीवन भर मिलता है। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल गुरप्रीत सिंह और स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।