शिमला- हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण कुल 72 सड़कें बंद हो गई हैं. अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी कि स्थानीय मौसम कार्यालय ने दो सितंबर को विभिन्न स्थानों पर मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 72 सड़कों में से शिमला में 35, मंडी में 15, कांगड़ा में 10, कुल्लू में 9 और ऊना, सिरमौर और लाहौल-स्पीति जिलों में एक-एक सड़क बंद है।
बताया गया है कि बारिश के कारण राज्य में 10 बिजली और 32 जलापूर्ति योजनाएं भी बंद हो गयीं. केंद्र के मुताबिक, 27 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से शुक्रवार तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 150 लोगों की मौत हो चुकी है और राज्य को 1,265 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.
शुक्रवार शाम से ही राज्य के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में 44.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है. जिसके बाद शिलारू (43.1 मिमी), जुबारहट्टी (20.4 मिमी), मनाली (17 मिमी), शिमला (15.1 मिमी), स्लैपर (11.3 मिमी) और डलहौजी (11 मिमी) में बारिश दर्ज की गई है।
स्थानीय मौसम विभाग ने 2 सितंबर को राज्य के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने का 'येलो' अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश में 1 जून से 31 अगस्त तक पिछले तीन महीनों में बारिश की कमी 23 फीसदी रही है. राज्य में औसत 613.8 मिमी के मुकाबले 471.1 मिमी बारिश हो चुकी है.
72 सड़कें बंद, मौसम विभाग ने 2 सितंबर तक मूसलाधार बारिश की आशंका जताई है
