चंडीगढ़/जालंधर:- अमृतसर देहाती पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान तीन नाबालिगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर एक हैंड ग्रेनेड, दो .30 बोर पिस्तौल, 29 कारतूस और 3.4 किलो हेरोइन बरामद की है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पहली कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (28), निवासी मूढ़ खोखर, और रॉबिन मसीह उर्फ नोनी (22), निवासी सुल्तानविंड, के रूप में हुई है।

दूसरी कार्रवाई में तीन नाबालिगों के साथ गुरलाल सिंह (20) और रशपाल सिंह (18), दोनों निवासी लोपोके, को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस टीमों ने उनका बिना पंजीकरण वाला एक मोटरसाइकिल भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के निर्देश पर हथियारों की तस्करी कर उनकी आगे आपूर्ति कर रहे थे।

आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अमृतसर देहाती पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि अजय नाम के एक संदिग्ध व्यक्ति ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देश पर सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन और हथियारों की खेप प्राप्त की थी, ताकि इन्हें आगे सप्लाई किया जा सके।