हिसार:- बच्चों को निशुल्क शिक्षित करने लिए प्रतिबद्ध जैन महावीर चैरिटेबल फ्री स्टडी सेंटर द्वारा पहली प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में निजी व सरकारी विद्यालयों के 545 विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी नौवीं, दसवीं व बारहवीं कक्षा एवं नीट, सीयूईटी व सीए फाउंडेशन की पढ़ाई निशुल्क करेंगे। इस परीक्षा का परिणाम 11 मार्च को घोषित किया जाएगा। दूसरी प्रवेश परीक्षा 22 मार्च को प्रात: 10 बजे बालसमंद रोड स्थित जेएमसी फ्री स्टडी सेंटर पर ही आयोजित की जाएगी। दूसरी प्रवेश परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रजिस्ट्रेशन फॉर्म 20 मार्च तक जमा करवाए जा सकते हैं।
जेएमसी फ्री स्टडी सेंटर की निदेशक मनीषा जैन ने बताया इस सेंटर में विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग प्रदान की जाती है। यह हिसार का एकमात्र ऐसा स्टडी सेंटर है जहां विद्यार्थियों को इतने अच्छे और शांत वातावरण में बेहतरीन स्टडी मटेरियल और अनुभवी शिक्षकों द्वारा बिना किसी शुल्क के शिक्षा प्रदान की जाती है।
बिमल सरोज चैरिटेबल सोसायटी के ट्रस्टी राजेंद्र प्रसाद जैन ने बताया कि यह स्टडी सेंटर बालसमंद रोड पर रावलवासिया धर्मशाला के पास स्थापित है। उन्होंने बताया कि दिल्ली की बिमल सरोज चैरिटेबल सोसायटी के तत्वावधान में जेएमसी फ्री स्टडी सेंटर द्वारा कई रचनात्मक कार्य किए जा रहे हैं। विभिन्न सरकारी विद्यालयों में सोसायटी द्वारा लाइब्रेरी, शेड का निर्माण, टॉयलेट का निर्माण व वाटर कूलर की स्थापना करवाई गई है।
इसके साथ-साथ रजिस्टर व अन्य स्टेशनरी की सामग्री भी विद्यार्थियों में सेवार्थ भाव से वितरित की जाती है। हर वर्ष जेएमसी टैलेंट हंट परीक्षा का आयोजन करके प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है।
निशुल्क शिक्षा के लिए जेएमसी फ्री स्टडी सेंटर में 545 विद्यार्थियों ने दी प्रवेश परीक्षा
