मोहाली, 1 जून:- उत्तरी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों एवं अन्य इच्छुक प्रतिभागियों के लिए 20 दिवसीय रंगमंचीय प्रशिक्षण (प्रस्तुति आधारित) समर कैंप का शुभारंभ किया गया। यह समर कैंप 1 जून से 20 जून तक आयोजित किया जाएगा और प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा।
समर कैंप का उद्घाटन शिक्षाविद् एवं पैरागॉन स्कूल के निदेशक श्री एम.बी.एस. शेरगिल ने किया। यह कैंप पैरागॉन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-69, मोहाली के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
समर कैंप के निदेशक प्रसिद्ध नाटककार एवं रंग-निर्देशक संजीवन सिंह होंगे। समर कैंप के सह-निदेशक गुरविंदर सिंह बैदवाण ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रतिभागियों को रंगमंच की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जीवन के कम चर्चित पहलुओं तथा देश की स्वतंत्रता के लिए उनके महान बलिदानों को दर्शाने वाले संजीवन सिंह द्वारा लिखित नाटक ‘सरदार’ का मंचन तैयार करवाया जाएगा। प्रतिभागी इस नाटक की प्रस्तुति के माध्यम से अभिनय और रंगमंच की बारीकियों को सीखेंगे।
इसके अलावा प्रतिभागियों को अभिनय कला, संवाद-अदायगी, वेशभूषा, मंच-सज्जा, रूप-सज्जा, शारीरिक गतिविधियां (बॉडी मूवमेंट), मंच संचालन, प्रॉपर्टी के उपयोग, प्रकाश तकनीक, परिधान चयन तथा मेकअप सहित रंगमंच के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण और परिचय भी दिया जाएगा।
आयोजकों ने कहा कि इस समर कैंप का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में रंगमंच के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
