अंबाला, 6 अप्रैल:- जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं के पास मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसलिए जनता को घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की कोई आवश्यकता नहीं है।
डीएफएससी निशांत राठी ने बताया कि सिलेंडरों की कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए विभाग की टीमें लगातार सतर्क हैं और जहां भी अनियमितताएं पाई जाती हैं, तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि टीम ने अंबाला शहर, अंबाला छावनी, मटेड़ी शेखा, साहा, मुलाना, बराड़ा, शाहजादपुर और नारायणगढ़ क्षेत्रों में स्थित ढाबों और दुकानों पर छापेमारी कर कार्रवाई की है और अब तक 163 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। इस प्रकार की जांच भविष्य में भी जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जिसका टेलीफोन नंबर 0171-2982868 है। एलपीजी उपभोक्ता इस नंबर पर अपनी एलपीजी से संबंधित शिकायतें दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अंबाला जिले में 24 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन औसतन 8500-9000 घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ता 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद गैस बुक कर सकते हैं। अंबाला जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।