हरोली/ऊना (राजवीर चोपड़ा):- गांव पाहलेवाल (गढ़शंकर) में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का 135वां जन्मदिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह जी ने भी शिरकत की। उन्होंने संगत को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने हमें मानवता के साथ जीने और समानता के अधिकार दिलाए। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलें और अपने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षा दिलाकर उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब को केवल मूर्तियों में नहीं, बल्कि अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में तलाशना चाहिए।
इस मौके पर एस.सी. कमीशन के चेयरमैन सरदार जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को कार्यपालिका और न्यायपालिका जैसी उच्च सेवाओं के लिए तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने समाज को एकजुट रहने का संदेश भी दिया।
डिप्टी स्पीकर सरदार जय किशन सिंह रोड़ी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय के नहीं, बल्कि पूरे देश के हैं। उनके द्वारा रचित संविधान सभी को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यदि आज वे डिप्टी स्पीकर के पद पर हैं, तो यह बाबा साहेब की सोच और संविधान की ही देन है।
इस अवसर पर बाबा केवल सिंह जी, सरदार जसवीर सिंह गढ़ी, सरदार जय किशन सिंह रोड़ी, गुरलाल सैला जी और सुरजीत सिंह खानपुरी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।