रतिया (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर), 15 अक्टूबर:- गुरु नानक डिफेंस एवं स्पोर्ट्स अकादमी, रतिया में 10वीं राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 21 राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व खेल मंत्री, ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी तथा पूर्व सांसद एवं भाजपा हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने किया।
इस अवसर पर गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव बलजिंदर सिंह तूर, गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह रतिया, साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर, सीईओ गुरजीत सिंह, ब्लॉक समिति रतिया के चेयरमैन विकास कुमार, शहरी मंडल प्रधान अंकित सिंगला तथा सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन सुनील इंदौरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पूर्व खेल मंत्री, ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि गतका सिख परंपरा से जुड़ी गौरवशाली युद्धकला है, जो युवाओं में साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की भावना विकसित करती है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का रतिया में आयोजन क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि 21 राज्यों के खिलाड़ियों की भागीदारी से इस खेल को व्यापक पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि, पूर्व सांसद एवं भाजपा हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने कहा कि जब से भारत सरकार ने इस खेल को खेलो इंडिया के साथ जोड़ा है, तब से बच्चों में इसके प्रति उत्साह बढ़ा है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने प्रदर्शन से क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से रतिया को मिली नई पहचान
21 राज्यों के खिलाड़ियों की भागीदारी से रतिया में आयोजित यह चैंपियनशिप खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रतिया को देशभर में पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है। विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ी इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा, तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
साहस, अनुशासन और आत्मसंयम का प्रतीक है गतका
गतका सिख परंपरा से जुड़ी एक पारंपरिक युद्धकला है, जो साहस, अनुशासन, आत्मसंयम और शारीरिक दक्षता का प्रतीक मानी जाती है। यह खेल युवाओं में आत्मविश्वास, एकाग्रता और अनुशासित जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से पारंपरिक खेलों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को भी बल मिलता है।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच
रतिया में आयोजित इस चैंपियनशिप से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा और उन्हें अपनी खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। 21 राज्यों के खिलाड़ियों की सहभागिता ने प्रतियोगिता को विशेष महत्व प्रदान किया है। आयोजन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और यह चैंपियनशिप पारंपरिक खेलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
मंच संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डॉ. नैब सिंह मंडेर और पंजाब के रघुबीर सिंह ने बखूबी निभाई। इस अवसर पर प्राचार्य जसवीर कौर, रमणदीप कौर गिल, जगकिरन कौर बड़ेच, धर्मपाल शर्मा, कुलविंदर कौर, कांता, नीलम, हेड कोच सुमित कुमार, ध्यान सिंह, सरपंच पलविंदर सिंह, राजवीर सिंह, शमशेर सिंह, संदीप रोहिला, अमनदीप सेठी, सिरसा के बूटा सिंह, करनाल के प्रवीण कुमार, राजस्थान के अनुज सहित बड़ी संख्या में आयोजक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
