करनाल, 24 जुलाई:- उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सत्यापन का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों नीलोखेड़ी, इंद्री, करनाल, घरौंडा एवं असंध में कुल 1,181 बूथ लेवल अधिकारियों ने घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य पूरा किया। जिले में कुल 12,25,661 मतदाताओं का सत्यापन किया गया।
उपायुक्त ने बताया कि सत्यापन के दौरान 2,11,171 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनके प्रपत्र एकत्र नहीं हो सके। इनमें 53,511 मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, 46,640 मतदाता अनुपस्थित , जबकि 95,344 मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 2,728 मामले अन्य श्रेणी में दर्ज किए गए तथा 12,948 मतदाता पहले से ही नामांकित(डबल वोट) पाए गए।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जा सके।
उन्होंने सभी विधानसभा निर्वाचन अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से जिले में यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। अब प्राप्त आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।