गुरुद्वारा गदौरी साहिब कुल्लू में दो दिवसीय कीर्तन समागम आयोजित

हरोली/ऊना, 15 जून (राजवीर चोपड़ा):- तप स्थान भगवान श्री चंद्र महाराज जी के ऐतिहासिक स्थल गुरुद्वारा गदौरी साहिब, कुल्लू में संत स्वामी दयानंद महाराज जी की माता श्रीमती तारा देवी जी की चौथी पुण्यतिथि को समर्पित दो दिवसीय कीर्तन समागम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किए गए। इस अवसर पर तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह जी के जत्थे ने संगतों को वैराग्यमयी कीर्तन के माध्यम से गुरुबाणी से जोड़ा।
बाबा केवल सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि “मां” शब्द भले ही छोटा है, लेकिन इसकी महिमा और महत्व अत्यंत महान है। उन्होंने कहा कि मां का ऋण जीवन भर नहीं चुकाया जा सकता। उन्होंने माता तारा देवी जी को नमन करते हुए कहा कि वे धन्य हैं, जिनकी कोख से ऐसे महान संत, तपस्वी और महापुरुष ने जन्म लिया, जिनका नाम भी दयानंद है और जो दया की साक्षात प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने माता तारा देवी जी को कोटि-कोटि प्रणाम अर्पित किए।
इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक हस्तियों द्वारा माता तारा देवी जी को श्रद्धांजलि स्वरूप श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। बाबा नरेश सिंह जी ने भी माता जी को श्रद्धा के फूल भेंट किए।
समागम के दौरान संत स्वामी दयानंद महाराज जी ने उपस्थित संगत का धन्यवाद किया। वहीं संत बाबा सुरजीत सिंह जी हीरांवाले ने भी अपने मधुर कीर्तन के माध्यम से संगतों को आध्यात्मिक रस में सराबोर किया।
इस अवसर पर बाबा केवल सिंह जी, संत स्वामी दयानंद महाराज जी, संत स्वामी प्रेमानंद जी महाराज, बाबा नरेश सिंह जी, सीनियर वाइस प्रधान माखन सिंह वाहिदपुरी, चौ जीत सिंह बगवाई, बलजिंदर सिंह भरौली, बाबा सुरजीत सिंह जी, दीपक सिंह तथा एएसआई सतपाल सिंह सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।