अंबचिंतपूर्णी मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा कार दुर्घटना में व्यक्ति की मौत
अंब/ऊना, 12 फरवरी:- जिला ऊना के पुलिस थाना चिंतपूर्णी क्षेत्र के अंतर्गत अंब-चिंतपूर्णी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। हादसा वेहड़ भटेड क्षेत्र में हुआ, जहां एक कार सड़क से नीचे ढांक में गिरी हुई पाई गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवेक पुत्र हंस राज निवासी गांव उझे, डाकघर वाथू टिपरी, तहसील जंसवा, जिला कांगड़ा ने बताया कि 11 फरवरी को उसके चाचा कर्म चंद अपने बेटे दलजीत सिंह को कार में अंब छोड़ने गए थे। दिनभर इंतजार करने के बाद जब वे घर वापस नहीं लौटे तो परिवार और रिश्तेदारों ने उनकी तलाश शुरू की।
देर रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि वेहड़ भटेड में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने देखा कि कार सड़क से नीचे गिरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और कर्म चंद कार के अंदर मृत अवस्था में पड़े थे।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के भतीजे विवेक के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ऊना ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत छानबीन की जा रही है।
