कनाडा नहर में डूबते दोस्त को बचाने के दौरान तपा मंडी के युवक की मौत

तपा मंडी: कनाडा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां नहर में डूब रहे अपने दोस्त को बचाने की कोशिश करते हुए तपा मंडी के 26 वर्षीय युवक लवप्रीत सिंह की भी मौत हो गई। मृतक पंजाब के बरनाला जिले के तपा मंडी (घुन्नस रोड) का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि यह हादसा कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर की लाशीन नहर (Lachine Canal) के किनारे हुआ। लवप्रीत सिंह के दोस्त का अचानक पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। जैसे ही लवप्रीत को इस घटना का पता चला, उसने अपने दोस्त को बचाने के लिए तुरंत नहर में छलांग लगा दी। लेकिन अफसोस, दोस्त को बचाने की कोशिश में लवप्रीत स्वयं भी तेज बहाव में डूब गया।
कनाडाई प्रशासन ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना से सेवानिवृत्त सीआरपीएफ जवान बलवीर सिंह के पूरे गुरसिख परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवार का इकलौता बेटा लवप्रीत सिंह करीब ढाई वर्ष पहले वर्क परमिट पर कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर गया था, जहां वह एक कंपनी में ट्राला चालक (ट्रक ड्राइवर) के रूप में कार्यरत था। 12वीं कक्षा पास करने के बाद वह अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए विदेश गया था।
लवप्रीत को कनाडा भेजने के लिए सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त उसके पिता बलवीर सिंह ने अपनी हिस्से की लगभग पौने दो एकड़ तथा परिवार की कुल ढाई एकड़ जमीन बेचकर करीब 29 लाख रुपये का प्रबंध किया था। इकलौते बेटे की मौत के बाद जहां उसकी बहन का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं माता-पिता के सभी सपने भी बिखर गए हैं। बताया जा रहा है कि लवप्रीत सिंह ने महज 10 दिन पहले ही अपने परिवार से फोन पर बात की थी।