राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संयुक्त कार्यालय परिसर में इंटर्नशिप के तहत प्राप्त किया प्रशासनिक अनुभव
हिसार:– राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों का एक दल इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत आज स्थानीय संयुक्त कार्यालय परिसर में पहुंचा। विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों की कार्य प्रणाली का अवलोकन किया।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और उन्हें प्रशासनिक कार्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों तथा व्यक्तिगत विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विविध प्रश्नों के स्पष्ट, ज्ञानवर्धक तथा प्रेरणादायक उत्तर दिए।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को दिए महत्वपूर्ण संदेश:
जीवन में अनुशासन और कठिन परिश्रम को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए एसडीएम ने कहा कि जो विद्यार्थी नियमितता और समर्पण से अपने कार्य में लगे रहते हैं, वे निश्चित रूप से लक्ष्य को प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा नियमों इत्यादि के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए इन विषयों की जानकारी आवश्यक है।
एसडीएम ने यह भी कहा कि बड़ों का मान-सम्मान करना मानसिक और सामाजिक रूप से व्यक्ति को मजबूत बनाता है। यह एक ऐसी नैतिक पूंजी है जो जीवन भर साथ देती है।
परीक्षा के भय से उबरने की सलाह देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षाओं को बोझ न समझें,यह दृष्टिकोणआत्मविश्वास को बढ़ाता है और दबाव को कम करता है।
विद्यार्थियों ने इस इंटर्नशिप अनुभव को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन्हें भविष्य के लिए मार्गदर्शन और आत्मविश्लेषण की दिशा में एक ठोस कदम लगा। यह इंटर्नशिप कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान का स्रोत बना, बल्कि उन्हें प्रशासनिक तंत्र और नागरिक उत्तरदायित्वों से भी जोड़ने का माध्यम सिद्ध हुआ।
इस दौरान एसडीएम राजेश खोथ ने इच्छुक विद्यार्थियों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए । संबंधित कर्मचारियों ने विद्यार्थियों के कागजातों को चेक कर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूर्ण की।
