सात फेरों से पहले टूटा रिश्ता नर्स ने फंदे से खत्म कर ली जिंदगी

करनाल:- जिले के फूसगढ़ क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां शादी से पहले एक 24 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले उसकी अपने मंगेतर से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
करनाल के फूसगढ़ निवासी 24 वर्षीय चांदनी एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। जब उसकी मां घर पहुंची तो चांदनी का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर मां के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया।
सूचना मिलने पर सैक्टर-32-33 थाना पुलिस और एफ.एस.एल. टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि आत्महत्या से पहले चांदनी की अपने मंगेतर से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। उसका मंगेतर इटली में रहता है और करीब तीन माह बाद दोनों की शादी तय थी।
परिजनों का आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान मंगेतर ने शादी से इन्कार कर दिया, जिससे आहत होकर चांदनी ने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।