पंजाबी विश्वविद्यालय के कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों ने वीसी कार्यालय के सामने किया रोष प्रदर्शन

पटियाला:- पंजाबी विश्वविद्यालय कॉन्ट्रैक्ट टीचर्स एसोसिएशन की ओर से अपनी मांगों को लेकर आज विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर कार्यालय के सामने रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए गए फैसले को लागू करवाना है, जिसके तहत विश्वविद्यालय को कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के वेतन के संबंध में यूजीसी के नियमों को लागू करना है।
रोष प्रदर्शन का नेतृत्व डॉ. दलवीर सिंह और असिस्टेंट प्रोफेसर सुरिंदर सिंह ने किया। इस अवसर पर PUCTA के महासचिव असिस्टेंट प्रोफेसर रमनप्रीत सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए एसोसिएशन की मांगों और इस मामले में अब तक की गई कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
रमनप्रीत सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा यूजीसी के नियमों के मुताबिक कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के वेतन संबंधी प्रावधान लागू किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक लंबे समय से इस मामले के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
एसोसिएशन के नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि हाईकोर्ट के आदेशों को बिना किसी और देरी के लागू किया जाए और कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के वेतन संबंधी मांगों का जल्द निपटारा किया जाए।
इस अवसर पर डॉ. दलवीर सिंह ने कहा कि पंजाबी विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कॉन्ट्रैक्ट शिक्षकों के साथ लगातार वादाखिलाफी की जा रही है और अपनी सुविधा के अनुसार नियमों में बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है कि उन पर यूजीसी रेगुलेशन-2010 और 2018 के नियम लागू किए जाएं और इन नियमों के अनुसार देय वेतन दिया जाए।