पंजाब पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा मुख्यमंत्री

एस.ए.एस. नगर/चंडीगढ़, 14 सितंबर:- पंजाब पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की मेजबानी करके इतिहास रचने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज एशियन हॉकी फेडरेशन के अधिकारियों की मौजूदगी में टूर्नामेंट का लोगो जारी किया। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा। लीग मैच जालंधर में और सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में करवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि टूर्नामेंट के लिए पंजाब सरकार द्वारा 25.40 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है, जिसमें से 22.96 करोड़ रुपये दोनों मुख्य स्टेडियमों के अपग्रेडेशन पर खर्च किए जा रहे हैं। ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम जालंधर के लिए 14 करोड़ रुपये और ओलंपियन बलबीर सिंह (सीनियर) इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम मोहाली के लिए 8.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
एशिया की 6 प्रमुख हॉकी टीमें भारत, पाकिस्तान, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और चीन टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी, जबकि ओमान और बांग्लादेश रिजर्व टीमें होंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 1 नवंबर को पंजाब दिवस के मौके पर शाम 7 बजे जालंधर में होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मैचों के लिए दर्शकों की एंट्री पूरी तरह से मुफ्त होगी। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, खेल अकादमियों, नौजवान खिलाड़ियों, खेल संस्थाओं, पूर्व खिलाड़ियों और प्रवासी भारतीयों से बड़ी संख्या में मैच देखने के लिए पहुंचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने भारतीय हॉकी को 50 से अधिक ओलंपिक पदक विजेता और 10 राष्ट्रीय कप्तान दिए हैं। बलबीर सिंह सीनियर, ऊधम सिंह और अजीत पाल सिंह जैसे महान खिलाड़ियों ने पंजाब की हॉकी विरासत को विश्व स्तर पर मजबूत किया। पेरिस 2024 ओलंपिक में पंजाब के 10 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, जबकि हरमनप्रीत सिंह ने टीम की अगुवाई की।
मान ने कहा कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में पंजाब का खेल बजट 1,743 करोड़ रुपये है। सरकार द्वारा 3,148 ग्रामीण खेल मैदान और 6,000 आधुनिक जिमनेजियम विकसित किए जा रहे हैं। 2022 से अब तक 40,000 से अधिक खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये के नकद इनाम दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि 2030 में भारत द्वारा हॉकी विश्व कप की मेजबानी की जानी है और पंजाब इसके मैचों की मेजबानी के लिए अपना दावा मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब में हॉकी को नई ऊर्जा देने का मौका बनेगी। इस मौके पर पंजाब हॉकी के प्रधान नितिन कोहली समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।