ओएसडी सुखवीर सिंह ने धूरी हलके के आठ गांवों का किया दौरा
धूरी, 14 सितंबर:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा गांवों के सर्वांगीण विकास को दी जा रही प्राथमिकता के तहत मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने आज धूरी हलके के आठ गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांव रुलदू सिंह वाला, मानां, मीरहेड़ी, हरचंदपुर, मानवाला, भद्दलवड्ड, पलासौर और भलवान में गांववासियों से मुलाकात कर पहले करवाए गए विकास कार्यों का जायजा लिया तथा भविष्य में करवाए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान धूरी हलके सहित पंजाब के गांवों में बड़े स्तर पर विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में गांववासियों की जरूरतों और स्थानीय मांगों के अनुसार विकास के लिए करोड़ों रुपये की ग्रांटें उपलब्ध करवाई गई हैं।
ओ.एस.डी. ने कहा कि गांवों का स्वयं दौरा करने का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों की वास्तविक जरूरतों को जमीनी स्तर पर समझना है। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में बैठकर बनाई गई योजनाओं के बजाय गांव में जाकर लोगों के साथ सीधा संवाद करके प्राथमिकताएं तय करने से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से करवाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गांववासियों की राय को प्राथमिकता दी जाएगी और उनकी जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने गांववासियों को भरोसा दिलाया कि जायज मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा और विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
गांववासियों ने ओ.एस.डी. सुखवीर सिंह द्वारा गांवों में पहुंचकर लोगों के साथ सीधा संवाद करने और विकास कार्यों संबंधी उनकी राय लेने की पहल का स्वागत किया।
इस अवसर पर ए.डी.सी. सुखचैन सिंह, जिला परिषद के चेयरमैन रछपाल सिंह भुल्लर, अमरदीप सिंह धांदरा सहित गांव की पंचायत और बड़ी संख्या में गांववासी मौजूद थे।
