प्रिं बहादर सिंह गोसल की अंग्रेजी पुस्तक दी विसडम नेस्ट का लोकार्पण

चंडीगढ़:- विश्व पंजाबी प्रचार सभा चंडीगढ़ द्वारा संगीता साहित्य संगम के सहयोग से प्रिं. बहादर सिंह गोसल की चर्चित बाल पुस्तक ‘दीपी गुठली वाला’ के अंग्रेजी अनुवाद ‘दी विसडम नेस्ट’ का लोकार्पण सेक्टर 38 सी, चंडीगढ़ में डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा के निवास पर करवाया गया। इस पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ने किया है।
समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध अंग्रेजी साहित्यकार सम्स तबरेजी ने की, जबकि श्री प्रेम विज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अध्यक्ष मंडल में प्रिं. बहादर सिंह गोसल, डॉ. संगीता कुंद्रा और प्रसिद्ध पत्रकार डॉ. विनोद शर्मा शामिल थे।
डॉ. कुंद्रा ने मेहमानों का स्वागत करते हुए पुस्तक के महत्व के बारे में जानकारी दी। प्रिं. गोसल ने बच्चों के लिए पुस्तक के महत्व के बारे में बताते हुए इसे अन्य भाषाओं में पहुंचाने के लिए डॉ. कुंद्रा और श्री प्रेम विज का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में उनकी पंजाबी बाल पुस्तकों की अंग्रेजी और हिंदी में भी मांग है।
लोकार्पण के बाद डॉ. विनोद शर्मा ने पुस्तक पर विस्तारपूर्वक पेपर पढ़ते हुए इसकी कहानियों को बच्चों के लिए दिलचस्प और हरमनप्यारी बताया। पुस्तक पर विचार-चर्चा में श्री प्रेम विज, सम्स तबरेजी, डॉ. कुंद्रा और सरबजीत सिंह ने भाग लिया।
इस मौके पर करवाए गए कवि दरबार की शुरुआत जगतार सिंह जोग ने प्रिं. गोसल के गीत ‘पत्ते, पत्ते, पत्ते, वीरना’ और ‘अग्निवीर नूं राखड़ी’ गा कर की, जिनकी साहित्यकारों ने खूब सराहना की। कवि दरबार में बाबू राम दीवाना, ध्यान सिंह काहलों, सरबजीत सिंह पड्डा, प्रिं. बहादर सिंह गोसल, डॉ. कुंद्रा, प्रेम विज, सम्स तबरेजी, बलविंदर सिंह, डॉ. विनोद शर्मा, जगतार सिंह जोग, राजेश शर्मा और बच्ची किमाया ने अपनी रचनाएं पेश कीं।
अंत में विश्व पंजाबी प्रचार सभा द्वारा डॉ. कुंद्रा, प्रेम विज, डॉ. विनोद शर्मा, सम्स तबरेजी और अन्य साहित्यकारों को शॉल, गोल्ड मेडल और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। संगीता साहित्य संगम द्वारा प्रिं. बहादर सिंह गोसल को 125 पुस्तकें लिखने के लिए सम्मानित किया गया। मंच संचालन डॉ. कुंद्रा ने किया और अंत में अश्वनी कुमार कुंद्रा ने धन्यवाद किया।