हेलमेट नहीं तो रहम नहीं ओवरस्पीड वालों की खैर नहीं
करनाल, 27 फरवरी:- आज यहां जिला सचिवालय सभागार में सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक असंध एसडीएम राहुल रईया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें पिछली बैठक के लंबित 17 मामले और आज की बैठक के 6 नए ऐजंडों पर विचार-विमर्श कर जरूरी निर्देश दिए गए। बैठक में बताया कि जनवरी 2026 में 31 हजार 576 चालान काट कर 89 लाख 70 हजार 600 रुपये जुर्माना किया गया।
बैठक में बताया गया कि गत माह ओवर स्पीड के 6671, बिना हेलमेट के 10 हजार 517, शराब पीकर वाहन चलाने के 111, बिना नंबर प्लेट के 1236, लेन चेंज के 925, गलत दिशा में वाहन चलाने के 284, गलत पार्किंग के 1009, लाल बत्ती उल्लंघन के 1151, बिना थ्रर्ड पार्टी बीमा के 2471, जेब्रा क्रासिंग के 5023, बिना पोल्यूशन सर्टिफिकेट के 1042, बिना सीट बेल्ट के 27 चालान काटे गए। इस महीने सडक़ नियमों का उंल्घन करने वालों से कुल 89 लाख 70 हजार 600 रुपये जुर्माना किया गया। इसके अलावा आरटीए द्वारा जनवरी 2026 में ओवरलोडिंग, बिना परमिट, प्रदूषण इत्यादि से संबंधित 289 चालान काट कर 11482800 रुपये जुर्माना किया गया।
आईडीटीआर करनाल द्वारा प्रशिक्षण के लिए 1307 लोगों का पंजीकरण किया गया जिसमें से 1285 ने प्रशिक्षण पूरा किया। आरटीए कार्यालय द्वारा भारी वाहनों के 58 लाइसेंस जारी किए गए जबकि 303 का नवीनीकरण किया गया। नेशनल हाईवे पर विभिन्न ढाबों के सामने अवैध तरीके से खोले गए कट के बारे में संबंधित अधिकारी ने बताया कि अवैध कट बंद करवा दिए है तथा एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं।
एसडीएम राहुल रईया ने सडक़ों पर फीकी पड़ चुकी सफेद पट्टी को ठीक करने के निर्देश दिए और शहर के विश्वकर्मा चौक पर गड्ढ़ों के स्थायी समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। मोटर दुर्घटना स्कीम 2022 के तहत हिट एंड रन के मामलों में पीडि़तों को मुआवजा देने बारे में बताया गया कि 98 में से 83 मामलों को स्वीकृति दी जा चुकी है तथा 7 मामले क्लेम जांच अधिकारी को वापस भेजे गए है। जीआईसी द्वारा 48 मामलों में मुआवजा दिया जा चुका है।
एसडीएम राहुल रईया ने जीआईसी अधिकारियों के साथ अलग से बैठक बुलाने के निर्देश दिए ताकि लंबित केसों में मुआवजे का भुगतान जल्द किया जा सके। बैठक में बताया गया कि सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत जिला में 106 बसों की जांच की गई। जिनमें से 5 के चालान किए गए। बैठक में आईआरएडी की प्रतिनिधि ने बताया कि जनवरी 2026 में जिला में 46 दुर्घटनाएं हुईं इनमें 18 घातक दुर्घटना शामिल है। इन दुर्घटनाओं से 20 लोगों की मौत हुई तथा 54 लोग घायल हुए।
जबकि 2025 में 71 दुर्घटना घटी तथा 36 लोगों की मौत हुई थी। इस पर एसडीएम ने निर्देश दिए की जिला में ज्यादा दुर्घटना होने वालों स्थानों की पहचान की गई है। उन्होंने इंजीनियरिंग विंग को निर्देश दिए कि जब भी वह फिल्ड में जाए सडक़ों पर सफेद पट्टी, जेबरा क्रॉस, साईन बोर्ड, सडक़ नियमों की पालना के बोर्ड इत्यादि चैंक करे तथा जरूरत के अनुसार लगवाना सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि करनाल शहर में बन रहे फ्लाईओवर के आस-पास के रास्ते के गड्ढों को तुरंत भरा जाए तथा अवैध कब्जों को हटवाएं ताकि लोगों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने समाजसेवी सदस्यों की मांग पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिए की वे अपने-अपने विभाग से संबंधित जूनियर इंजीनियर की निरीक्षण की ड्यूटी लगाए।
बैठक में एसडीएम प्रदीप कुमार, नीलोखेड़ी एसडीएम अशोक कुमार, घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, आरटीए विजय देसवाल, आरएसए व समाजसेवी के सदस्य संदीप लाठर, विपिन शर्मा, रमन मिड्ढा के अलावा पुलिस व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, समिति के गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
